'मई में श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुक्ति पर होगी चिंतन'
अदालत में याचिकाकर्ता एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास की अगुवाई में मई में राष्ट्रीय स्तर पर चिंतन शिविर होगा। इसमें देश और विदेश के कृष्ण भक्त एकमंच पर आकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान मुक्ति के लिए अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं लेकिन अब समय आ गया है कि देश दुनिया के कृष्ण भक्तों को एकमंच पर लाकर जोड़ा जाए और अपनी आवाज मुखर की जाए ताकि कृष्ण भक्तों में जन्मस्थान मुक्ति के लिए जागरूकता पैदा हो सके।
उन्होंने बताया कि मई में राष्ट्रीय स्तर पर एक चिंतन शिविर का आयोजन करने का निर्णय न्यास ने लिया है। इसमें देशभर के नामचीन संतों का सान्निध्य मिलेगा तो भाजपा नेता व प्रखर वक्ता सुब्रमण्यम स्वामी, हिंदूवादी नेता सुरेश चौहान, अश्विनी उपाध्याय, सांसद कृष्णपाल सिंह यादव, पूर्व पुलिस उप महानिरीक्षक लक्ष्मीनारायण शामिल होंगे।