प्रमुख रूप से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, नारायणी सेना के अध्यक्ष मनीष यादव, श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह व अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी आदि के मामलों में सुनवाई होनी थी।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान ईदगाह प्रकरणों में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। युवा अधिवक्ता कृष्ण कुमार सारस्वत की अचानक हुई मृत्यु के कारण बार एसोसिएशन ने शोकावकाश घोषित कर दिया। दो अदालतों ने मुकदमों में अगली सुनवाई के लिए अलग-अलग तारीख तय की हैं।
विज्ञापन
श्रीकृष्ण जन्मस्थान ईदगाह प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा और पंकज सिंह के मामले में सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत ने सुनवाई के लिए 5 अगस्त की तारीख तय की है, जबकि इसी अदालत ने ठाकुर केशवदेव के सेवायत पवन कुमार शास्त्री, अनिल कुमार त्रिपाठी व लखनऊ हाईकोर्ट के अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह के केस में 16 अगस्त को सुनवाई होगी। वहीं, अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह के एक अन्य वाद में एडीजे सप्तम की अदालत ने सुनवाई के लिए 19 जुलाई की तारीख तय की है।
अधिवक्ता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने जिला जज की अदालत में सभी मामलों को एकीकृत करने संबंधी केस दाखिल किया था। अधिवक्ता गोपाल खंडेलवाल ने बताया कि रंजना अग्निहोत्री संबंधी केस में विपक्ष को आपत्ति दर्ज करानी थी। जबकि विपक्षीगण के रूप में अदालत में पहुंचे शाही ईदगाह के सचिव एडवोकेट तनवीर अहमद ने बताया कि शुक्रवार को युवा अधिवक्ता की मौत के कारण बार एसोसिएशन द्वारा शोकावकाश घोषित किया गया था। जिसके कारण अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। प्रतिवादीगण श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अधिवक्ता मुकेश खंडेलवाल भी अदालत में मौजूद रहे।
विज्ञापन
बता दें श्रीकृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह प्रकरण में विभिन्न पक्षकारों ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान की 13.37 एकड़ जमीन को लेकर दावा किया है। अदालत में सभी मामलों की सुनवाई की जा रही है। शुक्रवार को प्रमुख रूप से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री, नारायणी सेना के अध्यक्ष मनीष यादव, श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह व अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी आदि के मामलों में सुनवाई होनी थी।
अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह और राजेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि केस में हमारी ओर से जवाब दाखिल किया जा चुका है। शाही ईदगाह के सचिव अधिवक्ता तनवीर अहमद ने बताया कि अदालत में हमारी ओर से जवाब दिया जाना है। अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री ने बता या कि उनके मामले में सुनवाई जारी है।