फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: योगनिद्रा से जागे श्रीहरि, श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई देवोत्थान एकादशी

विज्ञापन
बाह: देवोत्थान एकादशी पर बाह में सजाई गई रंगोली
विज्ञापन
बटेश्वर/बाह/पिनाहट। देवोत्थान एकादशी पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। घर-घर में भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई। ‘उठो देव, जागो देव, खुशहाली लाओ देव’ के आह्ववान के साथ तीर्थधाम बटेश्वर, पिनाहट, बाह, जैतपुर विकास खंड के 150 गांवों के घर-आंगन में रंगोली सजा कर देवताओं के पदचिन्हों का पूजन किया गया। गन्ने के रस और सिंघाड़े का भोग लगाया गया।
विज्ञापन

तीर्थधाम बटेश्वर में शाम होते ही लोगों ने अपने घरों के आंगन को गेरू और चावल के आटे से सजाकर भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का पारंपरिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गन्ने का मंडप बनाकर सिंघाड़ा, शकरकंद, मूली, बेर और नए अनाज का भोग अर्पित किया। उठो देव, जागो देव के पारंपरिक मंगल गीत गाकर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने घरों में दीप जलाए। देवोत्थान एकादशी के साथ ही क्षेत्र में मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी हो गई है। जरार की मिथलेश, माया, जैतपुर की रेखा, सुनीता, बाह की सुमन, ऊषा, खुशबू ने बताया देवोत्थान एकादशी पर चार माह से सोए देवताओं के जागरण के लिए घरों के आंगन और प्रवेश द्वार पर खडिया और गेरू से देवताओं से लेकर पशु धन और परिवार के सदस्यों की आकृतियां बनाई गईं। अच्छी फसल के लिए भजन कीर्तन कर प्रार्थना की गई। बाह, जैतपुर, जरार, भदरौली, बासौनी, चित्राहाट, कचौराघाट आदि बाजारों में गन्नों की खूब बिक्री हुई। किसानों पुरषोत्तम सिंह, सुरेन्द्र सिंह ने बताया एक गन्ना 40 रुपये में बिकने से किसानों को अच्छी आमदनी हुई। सिंघाड़े भी 25 रुपये प्रति किलो के भाव बिके। किसान राकेश, रसिक बिहारी ने बताया कि सिंघाडे़ के दाम भी अच्छे मिले हैं। कस्बा पिनाहट में भी देवोत्थान एकादशी पर बाजारों में चहल-पहल रही। कस्बे के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर गन्ने की दुकानें सजी नजर आईं। महिलाओं और पुरुषों ने परंपरा के अनुसार पूजा के लिए गन्ने की खरीदारी की। मांग बढ़ने से गन्ने की अच्छी बिक्री हुई।
इंसेट
सजा तुलसी-शालिग्राम के विवाह का मंडप, रस्में निभाने को उमड़ी महिलाएं
बाह। देवोत्थान एकादशी पर बाह-जैतपुर क्षेत्र के गांव-कस्बों के देवालयों में शुक्रवार को तुलसी-शालिग्राम के विवाह का मंडप सजाया गया। शालिग्राम के रूप में विष्णु तथा वृन्दा के रूप में तुलसी के विवाह की रस्मों के निर्वहन के लिए दिनभर महिला श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बाह की सोनल, संगीता, किरन, सविता, ममता, रीता, ज्योति, अर्चना, कामना, रागिनी, विनीता ने बताया 16 श्रृंगार की सामग्री से मंडप में तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया गया। भगवान विष्णु के प्रतीक शालिग्राम को दूल्हे की तरह तैयार कर पीले वस्त्र पहना कर आसन पर बिठाया गया। इसके बाद विवाह की रस्में निभाई गईं। पूजा के दौरान तुलसी का कन्यादान किया गया। तुलसी और शालिग्राम की परिक्रमा कर परिवार की सुख, समृद्धि एवं सौभाग्य की कामना की। मंदिर के पुजारी नंदी महाराज, होतमदास ने बताया तुलसी शालिग्राम के विवाह के साथ मांगलिक कार्य शुरू हो गए।

बाह: देवोत्थान एकादशी पर बाह में सजाई गई रंगोली

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें