थाने से महज 20 कदम की दूरी पर तहसीलदार आवास के सामने शुक्रवार शाम वैन सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोलीबारी में महिला और उसके दुधमुंहे बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। बाजार में भगदड़ और चीखपुकार मच गई। हमलावर इटावा की ओर भाग निकले। थाने में शांति समिति की बैठक कर रहे सीओ और एसडीएम ने हमलावरों का पीछा किया, मगर सफलता नहीं मिली।
घायलों में महिला और और उसके बच्चे की हालत गंभीर है, उन्हें आगरा रेफर किया गया है। रात आठ बजे एसएसपी शलभ माथुर, एसपीआरए केपी यादव ने भी मौके पर पहुंच पड़ताल की। घटना के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। महिला के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना शाम पांच बजे की है। बाह थाने में एसडीएम उमाशंकर और सीओ चितरंजन सिंह शांति समिति की बैठक कर रहे थे। इसी दौरान थाने से चंद कदम की दूरी पर वैन सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इससे लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। सामरमऊ के प्रधान पति भानु प्रताप सिंह और खटीक टूला की रेखा के पेट में, रेखा के आठ माह के बेटे आर्यन के घुटने में गोली लगी।
हरिओम अरेले भी छर्रे लगने से घायल हो गया। चीखपुकार मच गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर थाने में बैठे सीओ और एसडीएम भी बाहर निकले। उन्होंने गाड़ी से बदमाशों का जैतपुर कस्बे तक पीछा किया। उधर, पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से रेखा और आर्यन को आगरा रेफर कर दिया गया। एसएसपी का कहना है कि घटना के पीछे किसी को टारगेट करने का मकसद रहा होगा। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
315 बोर के तमंचे से की फायरिंग
बदमाशों ने 315 बोर के तमंचे से फायरिंग की थी। इस बोर का एक खोखा मिला है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वैन सफेद रंग की थी। तकरीबन तीन बदमाश उसमें सवार थे।
कौन था बदमाशों के निशाने पर
पुलिस घायल ट्रेवल कारोबारी हरिओम अरेले और भानुप्रताप सिंह से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि बदमाश इनमें से किसी एक को निशाना बनाना चाहते हों। हरिओम का लेनदेन को लेकर विवाद भी चल रहा है। छानबीन की जा रही है।