कासगंज के पोस्टमार्टम गृह पर बैठे अमांपुर में हत्या का शिकार हुए ग्रामीण के परिजन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। अमांपुर के ग्राम सुजरई में खेत पर पानी देने गए किसान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुजरई निवासी हरपाल (62) पुत्र खूबीराम रविवार को दोपहर में अपने धान के खेत में पानी लगाने के लिए गया था। देर सांय तक जब वह वापस लौटकर नहीं आया तो उसका पुत्र अवधेश खेत पर उनको बुलाने के लिए चला गया। जब वह दिखाई नहीं दिए तो उसने खेत पर उनकी तलाश की। वहीं कुछ दूरी पर ही वह लहुलुहान अवस्था में पड़े दिखाई दिए। उनकी कनपटी पर गोली का निशान दिखाई दिया। उसने मामले की जानकारी परिजनों का दी। सूचना पर परिजन मौके पर आ गए।
काफी संख्या में ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। परिजन उनको आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत होते ही परिजन चीत्कार कर उठे। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।