मैनपुरी। बाजार अतिक्रमण मुक्त नहीं हो पा रहे हैं। इस कारण जाम की समस्या का भी स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। रविवार को अवकाश के चलते बाजार में ग्राहकों की भीड़ जुटी तो जाम लगा। जाम के कारण कुछ कदम की दूरी तय करने में ग्राहकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
मैनपुरी के बाजार की अधिकांश सड़कें संकरी हैं। ऊपर से फुटपाथ पर दुकानदारों का अतिक्रमण है। स्थिति यह है कि दुकानदारों ने अपनी दुकानों को तो गोदाम बना रखा है और कारोबार फुटपाथ पर कर रहे हैं। इसके आगे हथठेला और ग्राहकों के वाहन खड़े हो रहे हैं। इस कारण बाजार में हर रोज जाम की स्थिति रहती है। स्वच्छ और सुंदर मैनपुरी की कवायद में जुटे डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने सप्ताह भर पहले बाजार में भ्रमण करके दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, बावजूद इसके बाजार अतिक्रमण से मुक्त नहीं हुए हैं। रविवार को छुट्टी का दिन था, लोग खरीदारी के लिए पहुंचे तो अतिक्रमण के कारण जाम लग गया। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
तांगा स्टैंड के आसपास सड़कों पर अतिक्रमण नजर आया। दुकानदार फुटपाथ घेरे हुए थे और इसके बाद ग्राहकों के दोपहिया वाहन खड़े थे। अतिक्रमण यहीं नहीं रुका वाहनों के आगे हथठेला वाले खड़े हुए थे। अतिक्रमण के कारण यहां जाम जैसे हालात रहे।
करहल रोड की चौड़ाई गली के समान है। ऊपर से फुटपाथ पर अतिक्रमण था। दुकानों के आगे दोपहिया वाहन बड़ी संख्या में खड़े थे, जो यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। करहल की ओर से बाजार आने वालों को जाम से जूझना पड़ रहा था।
लेनगंज में दुकानदार सड़कों को भी घेरे हुए थे। दुकान का आधा सामान सड़क पर रखकर खुलेआम व्यापार हो रहा था।
दुकान के बाहर रखा सामान ही जाम का कारण बन रहा था। दुकान के आगे ग्राहकों के वाहन भी आड़े तिरछे खड़े हुए थे।
दिन चढ़ने के साथ ही बाजार में भीड़ बढ़ी तो बड़ा चौराहा के आसपास भी जाम के हालात पैदा हो गए। जहां भी जाम की वजह अतिक्रमण ही था। फुटपाथ पर लगी दुकानों, हथठेला और आड़े तिरहे वाहन यातायात को रोके हुए थे।
एक-दूसरे की देखादेखी दुकानदार सड़कों तक सामान फैला देते हैं। अगर सख्ती के साथ रोक लगे तो कुछ दुकानदार अपनी हद में व्यापारी करने को तैयार हैं।
राजू चौहान, दुकानदार
जाम से दुकानदारी पर भी असर पड़ता है। अब ग्राहक सकरी सड़कों पर जाने से कतराता है। कहीं न कहीं नुकसान दुकानदारों को भी हो रहा है।
अमरेंद्र सिंह, दुकानदार
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की चेतावनी तो कई बार दी हैं, लेकिन व्यापक स्तर पर अभियान कई वर्षों से नहीं चला है।
विपिन तिवारी, ग्राहक
हथठेला और फुटपाथ दुकानदारों के लिए वेंडर जोन बननी चाहिए, साथ ही अतिक्रमण पर अभियान चलना चाहिए।
जसवंत सिंह, ग्राहक
बोले जिम्मेदार
दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। जल्द ही नगर पालिका पुलिस की मदद से शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगी।
-लालचंद्र भारती, ईओ नगर पालिका।