ताजमहल के आसपास दुकानदारों ने रोजी-रोटी नहीं उजाड़ने के पोस्टर लहराए। इसके अलावा फतेहाबाद रोड पर भी बड़ी संख्या में दुकानदारों ने इकट्ठा होकर हंगामा किया।
ताजमहल के आसपास रोजगार उजड़ने से खफा लोगों ने रविवार दोपहर पुरानी मंडी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने रोजी-रोटी नहीं उजाड़ने के पोस्टर लहराए। इसके अलावा फतेहाबाद रोड पर भी बड़ी संख्या में दुकानदारों ने इकट्ठा होकर हंगामा किया। नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस फोर्स भी मौजूद रहा।
विज्ञापन
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 26 सितंबर को ताजमहल की चाहरदीवारी से 500 मीटर के दायरे में सभी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने का आदेश जारी दिया है। इस आदेश के बाद 500 मीटर क्षेत्र का सर्वे कार्य चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट की रोक के आदेश से करीब 30 हजार लोग प्रभावित होने का अनुमान है।
केंद्रीय राज्यमंत्री से मिले व्यवसायी
रविवार को ताजमहल के आसपास होटल, रेस्टोरेंट एम्पोरियम व अन्य व्यवसायियों का एक प्रतिनिधिमंडल साकेत कॉलोनी स्थित केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल के घर पहुंचा। काफी देर तक इंतजार के बाद आगरा के संसद एवं मंत्री से मुलाकात हुई।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने व्यावसायियों के संबंध में आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से वार्ता का आश्वासन दिया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरुद्ध याचिका दायर के लिए सरकारी वकील उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। उधर, रविवार को ताजमहल के आसपास दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं है।