सुल्तानगंज पुलिया से मुगल रोड तक नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक दुकानदार विरोध में बुलडोजर पर चढ़ गया, लेकिन कार्रवाई नहीं रुकी। अभियान में अवैध टिनशेड और छज्जे हटाए गए, जबकि अवैध पार्किंग और कैंटीन संचालन पर नौ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
आगरा के सुल्तानगंज पुलिया से मुगल रोड पर अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टास्क फोर्स को लोगों का विरोध झेलना पड़ा। हालांकि, टीम ने सख्ती दिखाते हुए मुगल रोड होते हुए रश्मि मेडिकेयर अस्पताल तक चलाए गए अभियान में टिनशेड, छज्जे और अतिक्रमण ढहा दिए गए। कार्रवाई के विरोध में दुकानदार बुलडोजर पर चढ़ गया और कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की, लेकिन टास्क फोर्स ने अभियान जारी रखा।
नगर निगम टास्क फोर्स ने रश्मि मेडिकेयर अस्पताल के बाहर अवैध रूप से वाहन पार्किंग संचालित करने और कैंटीन चलाने पर संचालक हिमांशु सिंघल पर नौ हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निगम अधिकारियों ने उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियां न करने की चेतावनी भी दी।