मैनपुरी। लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने बाजारों को बंद करा दिया है। बाजार की स्थिति जानने के लिए शनिवार की सुबह अधिकारी पहुंचे तो गलियों में दुकानें खुली मिलीं। इस पर पर दुकानों को बंद कराते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
शुक्रवार को शहर में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद शहर का बाजार अगले आदेश तक बंद करा दिया है। शनिवार की सुबह एसडीएम सदर रजनीकांत, सीओ सिटी अभय नरायन राय, इंस्पेक्टर कोतवाली भानुप्रताप सिंह बाजार में पहुंच गए। बैरियरों पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि बेवजह आवागमन पूरी तरह से रोका जाए।
मास्क और हेलमेट नहीं लगाने वालों के चालान करने के निर्देश दिए। एसडीएम और सीओ ने गलियों में खुली दुकानें बंद करा दीं। दुकानदारों को चेतावनी दी बाजार बंद रहने तक अगर दोबारा दुकानें खोली गईं तो जुर्माना वसूलने के साथ ही दुकान भी अगले आदेश तक बंद करा दी जाएगी।
मेडिकल स्टोर संचालकों को दी हिदायत
एसडीएम और सीओ ने मेडिकल स्टोर संचालकों को हिदायत दी कि दुकान पर सामाजिक दूरी का पालन कराएं। दुकान पर मास्क लगाकर ही बैठें। बिना मास्क लगाए किसी को भी दवा नहीं दें। दुकानें निर्धारित समय पर ही खोलें और बंद करें।
बाजार में छाया रहा सन्नाटा
प्रशासन के आदेश पर शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड से आगरा रोड पुलिस चौकी तक, बड़े चौराहे से करहल बाईपास चौराहे तक, क्रिश्चियन तिराहे से भांवत चौराहे तक, सदर बाजार, बजाजा बाजार, रायजादा रोड, लैनगंज, मंडी झम्मनलाल, यादव मार्केट, कुम्हार मंडी, बिसातखाना का बाजार पूरी तरह बंद रहा। बाजार बंद रहने से सड़कों पर पूरे दिन सन्नाटा छाया रहा। हथठेल वालों को भी गलियों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। हथठेल से गलियों में ही सब्जी और फलों की बिक्री की गई।