सैफई परिवार को लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार में कोई खटपट नहीं है, सिर्फ राजनीतिक दल अलग हैं।
शिवपाल यादव शुक्रवार को फिरोजाबाद पहुंचे थे। उन्होंने यहां जिला कारागार में सजा काट कर रहे पूर्व विधायक अजीम भाई से मुलाकात की। इसके बाद शिवपाल मीडिया से मुखातिब हुए।
सैफई में मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के साथ होली मनाने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि परिवार एक है, कोई खटपट नहीं है। अभी तक परिवार में कोई बंटवारा भी नहीं हुआ है। सभी का एक ही घर है फिर खटपट कैसी।