फरिहा। थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वी सिंह चिढरई में 10 वर्षीय मासूम शिवांगी की बंबा के पानी में डुबोकर हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। कड़ी सुरक्षा और गमगीन माहौल के बीच मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस फिलहाल हत्या के सटीक कारणों और हत्यारे का सुराग तलाशने के लिए कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
बुधवार शाम को खेतों से गेहूं की बाली बीनने गई शिवांगी का शव बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, गांव का माहौल गमगीन हो उठा। मजदूरी कर अपनी बेटी के सुनहरे भविष्य का सपना देखने वाली मां संगीता का रो-रोकर बुरा हाल था। बता दें कि दो साल पहले पिता अजब सिंह की मृत्यु के बाद शिवांगी ही परिवार की बड़ी उम्मीद थी। पुलिस की जांच में किसी करीबी का हाथ होने की आशंका प्रबल हो गई है। एसपी देहात अनुज चौधरी के अनुसार, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
नशेड़ियों और संदिग्धों पर पुलिस की दबिश
वारदात को सुलझाने के लिए थाना पुलिस के साथ-साथ एसओजी की टीम भी सक्रिय है। पुलिस उन स्थानों और संदिग्धों की सूची खंगाल रही है जहां अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। घटना वाले दिन खेतों की तरफ देखे गए संदिग्धों और गांव के पुराने अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बंबा के पास मिट्टी पर घसीटे जाने के निशान और गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से काम कर रही है।