आगरा। देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2025 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। यह परीक्षा 30 नवंबर 2025 को तीन पालियों में ऑनलाइन आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में आगरा के छात्रों ने भी भाग लिया। इस वर्ष भी आगरा के छात्रों ने कैट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
परीक्षा की तैयारी कराने वाले रजित गुप्ता ने बताया कि इस बार कई विद्यार्थियों ने 90 परसेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। अनुभव सिंघल ने 99.95, हितेश सदवानी ने 99.64, मो. नबील 98.41, मिष्टी बंसल ने 96.8, नंदिनी गुप्ता ने 95.18, उत्कर्ष अग्रवाल ने 94.28, श्रेय शर्मा ने 93.13, लिपिका गुप्ता ने 92.2 और कमल वर्मा ने 95.11 परसेंटाइल हासिल किया है।
इनका भी रहा शानदार प्रदर्शन
इसके अतिरिक्त शुभांग गुरयानी 88.62 परसेंटाइल, हरकृष्णा 87.59, मनन खंडेलवाल 87.4, इशिका अग्रवाल 86.76, अभय प्रकाश कौशिक 84.45, अन्वेषा गुप्ता 82.59, अंकुश कुमार 80.34 परसेंटाइल का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।
अगले चरण की तैयारियां शुरू
अगले चरण में कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए छात्रों को साक्षात्कार, ग्रुप डिस्कशन और लिखित एबिलिटी टेस्ट (वैट) की तैयारी करनी होगी। बता दें कि इस साल कैट परीक्षा का आयोजन नवंबर 30 को किया गया था। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पहले ही रिस्पॉंस शीट और आंसर शीट जारी की जा चुकी है। अब अंतिम परिणाम में उम्मीदवारों के सेक्शनल और ओवरऑल स्कोर के साथ उनके पर्सेंटाइल की भी जानकारी दी गई है। 17 दिसंबर को फाइनल आंसर की जारी की गई थी। परीक्षार्थियों की ओर से कुल 187 आपत्तियां दर्ज कराई गईं, जिसमें से मात्र एक आपत्ति को स्वीकार किया गया, शेष सभी को आयोग ने खारिज कर दिया था।
यहां देखें नतीजे
कैट 2025 के नतीजे देखने के लिए छात्र आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख और डाउनलोड कर सकते हैं।