मैनपुरी। जिले के शिक्षामित्र और अनुदेशकों के लिए राहत भरी खबर है। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयास के बाद उन्हें मई का मानदेय समय से मिलने जा रहा है। बीएसए विजय प्रताप सिंह के निर्देश के बाद शुक्रवार को उनके मानदेय भुगतान के लिए धनराशि का चेक बैंक को भेज दिया गया।
शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिला संगठन मंत्री अनुराग मिश्रा और उनकी टीम कोरोना महामारी के बीच शिक्षामित्रों की समस्याओं के निस्तारण के लिए रात दिन काम कर रही है। अप्रैल का मानदेय समय से न मिलने पर शिक्षामित्र प्रतिनिधियों ने निर्णय लिया था कि मई का मानदेय वे समय से भुगतान कराकर रहेंगे। सभी खंड शिक्षाधिकारियों से मुलाकात कर समय से मई का बिल पास कराकर बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराया। बीएसए कार्यालय में भी पिछले तीन दिन से एसोसिएशन के पदाधिकारी मानदेय प्रभारी मोहित जैन से मुलाकात कर रहे थे। उनके प्रयास के बाद शुक्रवार को शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय की धनराशि का चेक बैंक भेज दिया गया। लेखाकार मोहित जैन ने बताया कि सोमवार तक मई का मानदेय शिक्षामित्रों के खातों में पहुंच जाएगा।