किस्सा दसवीं लोकसभा के चुनाव का है। पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय थे। उनके समर्थक उनके लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार रहते थे। एक बार चौधरी चरण सिंह के किले छपरौली में गए अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा को भी इसका अहसास हो गया। चरण सिंह के समर्थक ने फिल्म अभिनेता को अपने नाम के आगे चौधरी लगाने पर मजबूर कर दिया।
चुनाव प्रचार के लिए आए थे छपरौली
अमर उजाला के 7 नवंबर 1989 के अंक में प्रकाशित खबर के अनुसार सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा चुनाव प्रचार करने छपरौली गए थे। वहां चौधरी चरण सिंह के समर्थकों ने फिल्म अभिनेता को भी अपने नाम के आगे चौधरी लिखने पर मजबूर कर दिया था।
ये भी पढ़ें - UP: साइबर ठगों को देते थे बैंक खाता, दो शातिर गरिफ्तार; हाथ नहीं आया अवागढ़ का मास्टर माइंड सोनू नेपाली
चौधरी चरण सिंह के कट्टर समर्थकों ने घेरा
किस्सा 1989 का है। शत्रुघ्न सिन्हा चुनाव प्रचार के सिलसिले में चौधरी चरण सिंह के गढ़ छपरौली पहुंचे थे। अभिनेता को चौधरी चरण सिंह के कट्टर समर्थकों ने घेर लिया। छपरौली में ऑटोग्राफ बुक उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में शत्रुघ्न को उनके प्रशंसक ने ऑटोग्राफ लेने के लिए स्कूल का रजिस्टर आगे बढ़ा दिया। उन्होंने मुस्कराते हुए उस पर अपने दस्तखत कर दिए लेकिन अपने नाम के आगे चौधरी नहीं लिखा। इस पर ऑटोग्राफ लेने वाले ने उनके हस्ताक्षर वाला पेज फाड़ दिया। उसने शत्रुघ्न सिन्हा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यो नहीं चलेगा।
कंधों पर उठा लिए थे शॉटगन
उस प्रशंसक ने कुछ नाराज होते हुए कहा कि तुम चौधरी के गांव आए हो तो कापी में चौधरी शत्रुघ्न सिन्हा लिखो। अभिनेता ने कापी ले ली और उस पर चौधरी शत्रुघ्न सिन्हा लिख दिया। यह देखते ही चौधरी चरण सिंह के समर्थक खुश हो गए। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा को कंधों पर उठा लिया और चौधरी शत्रुघ्न सिन्हा के नारे लगाने लगे।