आगरा। डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर मंगलवार को आगरा मास्टर्स और एकेडमी के बीच खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पांच विकेट से जीत दर्ज की। पांच विकेट खोकर 188 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। टीम की जीत में शरद व हरवीर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आगरा मास्टर्स के कप्तान डॉ. गौरव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 188 रन बनाए। जावेद शमीम ने 55 रन और डॉ. राजीव पचौरी ने 28 रन का योगदान दिया। डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी की ओर से हेमंत सारस्वत और जतिन पाल ने तीन-तीन विकेट लिए। नवीन ने दो और गुलशन ने एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, शरद और हरवीर बंटी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई। शरद ने 68 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि हरवीर बंटी ने 66 रन बनाए। दीपू ने भी 44 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
तीनों पारियों की बदौलत टीम ने पांच विकेट खोकर 188 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। आगरा मास्टर्स की ओर से डॉ. राजीव पचौरी ने तीन और हरीश बिष्ट ने एक विकेट लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए शरद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। डॉ. अजीत सिंह, डॉ. वीपी सिंह और डॉ. राजीव पचौरी ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर राकेश गुरनानी, संजय अरोड़ा, हरीश बिष्ट, अरुण सहित अन्य क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।