हकीकत: दयालबाग में सड़क पर भरा सीवर, लोग बेहाल
दयालबाग-पोइया घाट रोड पर पुलिया टूट जाने से सीवर भर गया, जिससे यहां से निकल रहे 10 हजार लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। दो पहिया वाहन सवार और पैदल चलने वालों की मुश्किल ये है कि वाहनों के यहां सीवर से निकलने पर कपड़े खराब हो रहे हैं। दुर्गंध वाला गंदा पानी उन पर उछलकर पहुंच रहा है।
क्षेत्रीय निवासी चौ. रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी ने कहा कि सीवर समस्या के निदान के साथ यहां पुलिया का निर्माण कराया जाए, अन्यथा नगर निगम पर धरना देंगे। वबाग की लापरवाही से पूरा दयालबाग क्षेत्र खतरनाक हो चुका है। कहीं भी कभी भी कोई सड़क धंस रही है तो कहीं भी सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी भर रहा है।
एक साल में कोई राहत नहीं
सुप्रीम कोर्ट अनुश्रवण समिति के सदस्य रमन ने बताया कि वबाग कंपनी के आने से एक साल में कोई राहत नहीं मिली है। संजय प्लेस जैसे क्षेत्र में सीवर समस्या बरकरार है। 40 साल से यहां सीवर की सफाई नहीं हुई। 1.5 किमी क्षेत्र में सीवर लाइन ही नहीं है और मैनहोल का पता नहीं। ये हाल तब है जब अफसरों की बैठक में 5 साल से सीवर समस्या उठा रहा हूं।