एटा। शहर में जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का काम रविवार से शुरू हो गया। अलीगंज रोड तिराहे के पास जीटी रोड की एक ओर को बंद कर यातायात के लिए रूट बदल दिया गया है। अब मैनपुरी और कानपुर जाने वाले वाहन बाईपास से होकर गुजरने लगे हैं।
शहर में सीवर लाइन डालने का काम कार्यदायी संस्था जल निगम द्वारा किया जा रहा है। संस्था ने रविवार से जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का काम शुरू कर दिया। इस दौरान अलीगंज तिराहे से जीटी रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय तक जीटी रोड वन-वे कर दिया गया।
अलीगंज तिराहा से एआरटीओ कार्यालय तक जाने वाले वाहनों को पूरी तरह से रोककर उनका रूट डायवर्ट कर दिया गया। वहीं मैनपुरी से शहर की ओर आने वाले वाहनों के लिए रूट पहले की तरह यथावत है। रविवार को जल निगम के कर्मचारियों ने अलीगंज तिराहा पर बीच सड़क पर सीमेंट के पाइप रखकर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया।
-------------------------------------------
अलीगंज तिराहा से गोशाला तक डाली जा रही सीवर लाइन:
शहर में अलीगंज तिराहे से गोशाला तक जीटी रोड के एक ओर सीवर लाइन डाली जा रही है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
----------------------------------
जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसकी वजह से जीटी रोड पर एक ओर से निकलने वाले वाहनों को बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया है, जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा न हो।
- एएस भाटी, अधिशासी अभियंता, जल निगम
----------------------
पालिका चेयरमैन ने डीएम से की जल निगम की शिकायत
एटा। पालिका चेयरमैन मीरा गांधी ने शहर में चल रहे सीवर लाइन का निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण न होने की शिकायत डीएम डॉ. विभा चहल से की है। शिकायत में पालिका चेयरमैन मीरा गांधी ने कहा कि जल निगम द्वारा सीवर लाइन खोदाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में मार्ग पर मिली पानी की पाइप लाइन बंद कर दी।
इससे नगर पालिका को आम जनमानस तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। साथ ही जल निगम द्वारा गुणवत्ता पूर्ण कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसकी जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत की जा रही है। खोदाई के दौरान भारी मात्रा में मिट्टी और अन्य सामान नगर पालिका की बिना अनुमति के विस्थापित किया जा रहा है। इससे पालिका को आर्थिक क्षति हो रही है। संवाद