आगरा: मौके पर श्वान दस्ता जांच करता हुआ
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में थाना मलपुरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पांच वर्षीय बालिका की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। बृहस्पतिवार की सुबह शव घर से करीब 200 मीटर दूर सरसों के खेत में मिला। वह बुधवार की रात परिवार में ही आयोजित शादी समारोह में शामिल थी। वहीं से रात करीब 11 बजे लापता हो गई थी। परिवार के लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। हत्या की सूचना पर एसपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीओ और एसओ को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
परिवार में आई थी बरात
पुलिस के मुताबिक बुधवार को बालिका के परिवार में ही बरात आई थी। पूरा परिवार उसी में शामिल था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे तक बालिका डीजे पर डांस करती दिखी थी। उसके बाद से वह दिखाई नहीं दी। शादी के कारण काफी देर तक किसी ने उसकी ओर ध्यान भी नहीं दिया। पर, सुबह तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजन खोजबीन में जुटे। कहीं कुछ पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर मिढाकुर चौकी, मलपुरा थाना पुलिस के अलावा सीओ अछनेरा महेश कुमार भी पहुंचे। डाग स्क्वैड टीम को भी बुलाया गया। खोजबीन के दौरान बालिका का शव घर से करीब 200 मीटर दूर सरसों के खेत में मिला। उसकी हत्या कर शव फेंका गया था। यह देखते ही लोग सन्न रह गए। परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज जांच रही पुलिस
क्षेत्राधिकारी अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी के फुटेज देखे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही घटना की सच्चाई का पता चलेगा। पुलिस जांच कर रही है। खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं। घटना से संबंधित कई क्लू मिले हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
बुजुर्ग महिला हत्याकांड: कातिल का सुराग लगने में जुटी आगरा पुलिस, सिर्फ परिचित के लिए खोलती थीं दरवाजा, मोबाइल साथ ले गए हत्यारे