मैनपुरी जिले में कोरोना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। रोजाना संक्रमित मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में युवती सहित सात लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। सभी को कोविड केयर वार्ड भोगांव में भर्ती कराया गया। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 476 पहुंच गई है। 335 लोगों को अब तक ठीक किया जा चुका है। 12 की मौत हो चुकी है, जबकि 129 मरीजों का उपचार चल रहा है।
रविवार को शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्वारंटीन हाउस भोगांव भेजा। मोहल्ला छपट्टी निवासी एक वृद्ध भी पॉजिटिव मिला। उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया।
कुरावली के मोहल्ला कौआटोला निवासी एक व्यक्ति और कुरावली के ही गांव चैली निवासी एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। बरनाहल के किरथुआ, कुचेला के नगला तुला और सुनूपुर की एक युवती भी संक्रमण की चपेट में है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी को आइसोलेशन वार्ड भेजा। पुलिस ने संक्रमितों के घरों को जाने वाली गलियों को सील कर दिया। संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।