आदेश नहीं मानने पर सात खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी
- सीडीओ ने दिए थे एएनएम सेंटर और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का निरीक्षण करने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सात खंड विकास अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी का आदेश नहीं माना। सीडीओ ने सरकारी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए पत्र जारी किया था। लेकिन जब जानकारी की गई तो पता चला कि किसी ने आदेश का पालन ही नहीं किया। इसके बाद ही सीडीओ ने सात खंड विकास अधिकारियों को चेतावनी पत्र भेजा है।
ग्रामीण क्षेत्र से एएनएम सेंटर और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की बदहाली और कमियों की तस्वीर सामने आती रहती है। इसी के चलते मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार ने 9 अगस्त को सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र जारी किया था। इसमें तत्काल अपने क्षेत्र के एएनएम सेंटर और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का निरीक्षण कर रिपोर्ट से अवगत कराने के आदेश दिए थे।
कुछ दिन बाद जब सीडीओ ने अनुश्रवण किया तो पता चला कि सात खंड विकास अधिकारी निरीक्षण करने गए ही नहीं। इससे साफ हो गया कि उन्होंने उच्चाधिकारी का आदेश नहीं माना। इस लापरवाही के लिए सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी मैनपुरी, कुरावली, सुल्तानगंज, जागीर, घिरोर, बरनाहल और करहल को चेतावनी पत्र जारी किया है। भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आने पर शासन को लिखे जाने की भी चेतावनी दी है।