आगरा में रमाडा मोड़ पर इनर रिंग रोड की सर्विस लेन 150 मीटर में तीन जगह धंस गई है। बारिश के दौरान सड़क कटने से गहरे गड्ढे हो गए हैं। स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। ऐसे में अंधेरे में हादसे का खतरा बढ़ गया है। लखनऊ और नोएडा एक्सप्रेसवे के लिए इसी रास्ते से हजारों वाहन रोज गुजरते हैं।
शहर के बाहर से वाहनों को निकालने के लिए वर्ष 2016 में करीब 405 करोड़ रुपये की लागत से आगरा विकास प्राधिकरण ने इनर रिंग रोड बनवाया था। हालांकि इसका तीसरा चरण अधूरा पड़ा है। फतेहाबाद रोड से रमाडा मोड़ पर वाहन इनर रिंग रोड पर चढ़ते हैं।
करीब 100 मीटर आगे सर्विस रोड की एक साइड कटने से सड़क धंस गई है। 50 मीटर आगे एक और गड्ढा है। रमाडा के पास ही फतेहाबाद रोड पर रविवार को गड्ढा हो गया। ये सड़क स्मार्ट सिटी योजना में बनी थी। इनर रिंग रोड आगे चलकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और आगरा-दिल्ली हाईवे में मिल जाती है। यहां से यमुना एक्सप्रेसवे के लिए भी लिंक मार्ग है।