आगरा के शाह मार्केट (हरीपर्वत) में दुकान में चोरी के मामले में दो आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया। तीन व्यापारी सहित अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार वे चोरी से पहले सीसीटीवी कैमरे की बिजली को काटकर उन्हें बंद कर देते थे।
शाह मार्केट के व्यापारी गगनदीप ग्रोवर की सतनाम ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी अर्जुन कुशवाहा दुकान से मोबाइल एसेसरीज चोरी करके बगल के दुकानदार सचिन अग्रवाल को बेचता था। मामले में अर्जुन, सचिन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, लइया अग्रवाल, अर्चित अग्रवाल और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने रविवार को अर्जुन कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं सचिन अग्रवाल की राधारानी कम्यूनिकेशन पर दबिश दी। यहां से कर्मचारी धर्मेश कुशवाहा को पकड़ लिया। व्यापारी सहित अन्य भाग गए। दुकान से पांच कार्टून चोरी किए गए सामान के बरामद किए।
इंस्पेक्टर ने बताया कि एक साल में 18 लाख रुपये का माल चोरी करने का आरोप लगाया गया है। पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने बताया कि दोपहर में मालिक के जाने के बाद वह दुकान से सामान चोरी करता था। इसमें सचिन अग्रवाल और उनका कर्मचारी साथ देते थे।
वह लोग बिजली सप्लाई बंद करते थे, जिससे सीसीटीवी कैमरे काम करना बंद कर देते थे। सामान चोरी के बाद बिजली सप्लाई शुरू कर देते थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिए गए।