कासगंज। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है लेकिन तमाम शिक्षक निर्देशों के बावजूद भी प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे। इस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए नोटिस जारी कर दिए हैं। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शहर के सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर में प्रशिक्षक संजय कुमार द्वारा बालिका शिक्षा योजना के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षणार्थी शिक्षकों को बताया जा रहा है कि यदि कोई हमला करे तो बालिकाओं को किस तरह से बचाव करना है। बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक जीएस राजपूत ने प्रशिक्षण के लिए शिक्षकों का चयन किया और उन्हें सूचना भेज दी।
कुल 48 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिनमें 15 शिक्षक शुक्रवार को प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे। शनिवार को बीएसए अंजली अग्रवाल ने गैर हाजिर रहे इन शिक्षकों को नोटिस जारी कर दिए हैं और स्पष्टीकरण मांग लिया है। चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक उत्तर नहीं मिला तो लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी।