पिनाहट। गांव बसई भदौरिया स्थित महागौरी ब्रिक्स फील्ड को जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया। यह ईंट भट्ठा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति के बिना ही चलाया जा रहा था। दोपहर में संयुक्त टीम ने ईंट भट्ठे को सील करने के साथ भट्ठी में पानी भर दिया। यहां कोयले और लकड़ी से ईंटों की पकाई की जा रही थी। यूपीपीसीबी के अधिकारियों के साथ तहसीलदार सर्वेश कुमार ने इसे सील कर दिया।
बाह के तहसीलदार सर्वेश कुमार ने बताया कि ईंट भट्ठे की जांच के लिए वह प्रदूषण विभाग की टीम के साथ बसई भदौरिया पहुंचे थे। संचालक से प्रदूषण विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई प्रपत्र नहीं दिखा सका। जिस पर ईंट भट्ठे को सीज करते हुए बंद करा दिया गया है। बगैर अनापत्ति प्रमाणपत्र के दोबारा चलाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।