त्योहार को लेकर आगरा पुलिस ने सुरक्षा प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस ने 117 पॉइंट चिन्हित किए है, जहां बेहद मुस्तैदी के साथ पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही गश्त अब पैदल की जाएगी।
आगरा में त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस ने 25 दिन का सुरक्षा प्लान बनाया है। प्रमुख बाजारों व व्यापारी के आने-जाने वाले मार्गाें पर बनाए गए 117 पॉइंट पर पुलिस रहेगी। बाजारों में अतिरिक्त फोर्स भी रहेगा। शाम को एसीपी पैदल गश्त करेंगे। व्यापारियों को उनकी मांग पर अलग से भी सुरक्षा दी जाएगी।
विज्ञापन
त्योहारी सीजन शुरू है। बाजारों में भीड़ उमड़ने लगी है। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि शहर में कोतवाली क्षेत्र के बाजारों में सबसे अधिक कपड़ा, बर्तन, सोना-चांदी के व्यापारी हैं। ज्यादातर कमला नगर, न्यू आगरा, सिकंदरा आदि इलाके में रहते हैं। इसके अलावा राजामंडी और शाहगंज बाजार के भी व्यापारी हैं। व्यापारियों के प्रतिष्ठान पर आने और घर जाने के समय पुलिस फोर्स की ड्यूटी रहेगी। जिससे वह नकदी और माल आसानी से ले जा सकें।
बदमाश व्यापारियों की रेकी कर वारदात करते हैं। कई बार रास्ते में शिकार बनाते हैं। इससे पुलिस ने 117 पॉइंट बनाए हैं। यहां दरोगा के साथ दो पुलिसकर्मी रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। कोई व्यापारी माल और नकदी ले जाते समय सुरक्षा की मांग करता है तो उसे पुलिस उपलब्ध कराई जाएगी।