विशेष सचिव अनिल कुमार वाजपेयी को शिकायत देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश नगर विकास के विशेष सचिव अनिल कुमार वाजपेयी गुरुवार को क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने मौके पर कार्यों के सत्यापन के दौरान सड़क, पानी और निर्माण कार्यों को देखा तो उन्होंने नाराजगी जताई।
हालात यह बने कि सभासदों ने बैठक में ही चेयरमैन पर पक्षपात और विकास न करने के आरोपों की झड़ी लगा दी। बाहर खड़ी जनता ने पेयजल और जल निकासी की अव्यवस्था को लेकर अपना दुखड़ा रोया।
नगर पालिका क्षेत्र में शासन की ओर से प्रदेश नगर विकास के विशेष सचिव अनिल वाजपेयी गुरुवार को पहुंचे। यहां शुरूआत में ही चंदर सिंह पौनियां, हीरामणी प्रदीप कुमार, भगत सिंह, मनोज, अनीता देवी, कुसुम लता, असलम, रमजान, आबिद हुसैन, कुवरपाल, ऊषा देवी, मनोज आर्य, सुनील पारुआ सभासदों ने चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर पर आरोपों की झड़ी लगा दी।
कहा कि विकास में पक्षपात किया जा रहा है। इस दौरान चेयरमैन एवं सभासदों के बीच तीखा वाद विवाद भी हुआ। जनता ने पेयजल और जल निकासी की गंभीर समस्याओं को रखा। गोशाला प्रबंधन भी ठीक नहीं था।
दिल्ली गेट पर अव्यवस्थाओं की भरमार दिखी। पशु पैंठ की जमीन पर अतिक्रमण और कोई व्यवस्था नहीं दिखी। नाले की सफाई से भी वे असंतुष्ट नजर आए। एमडी जैन स्कूल व विद्या मंदिर स्कूल के समीप गंदगी के ढेर होने से विशेष सचिव नाराज दिखाई दिए।
विशेष सचिव ने कहा कि कोई व्यवस्था नहीं मिली है। सबकुछ अव्यवस्थित है। साफ सफाई, निर्माण , पेयजल व्यवस्था के नाम पर सब कुछ अस्त व्यस्त है। इस दौरान ईओ रजनीश शर्मा, लेखाकार नवजीव सक्सेना, योगेंद्र शर्मा, ऋषिपाल सिंह थे।
उधर, चेयरमैन नरेंद्र गुर्जर ने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव को सभी व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे। जल्द ही विकास कार्यो को डीपीआर बनाकर स्वीकृती के लिए भेजने को कहा।