मैनपुरी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक रविवार को जिला स्काउट गाइड भवन में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षक समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि शिक्षक समस्याओं को लेकर 25 जुलाई को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
सदस्य प्रांतीय कार्यकारिणी कृष्णानंद दुबे ने बताया कि शिक्षक कई प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं। शिक्षकों के जून माह के वेतन का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। जिला पंचायत इंटर कॉलेज नवाटेढ़ा के शिक्षकों को पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। आयकर फार्म के नाम पर शिक्षकों से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की इन ज्वलंत समस्याओं को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ 25 जुलाई को दोपहर 1:30 बजे से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना देगा।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक यादव, जिला मंत्री वीके पीटर, सत्यवीर सिंह यादव, प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, प्रीती जायसवाल, मुकेश सिंह चौहान मौजूद रहे।