आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश सत्र 2026 के लिए द्वितीय काउंसलिंग 14 अक्तूबर से शुरू होगी। खंदारी कैंपस स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस में 16 अक्तूबर तक तीन दिवसीय काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसमें 39 विषयों के अभ्यर्थियों को शामिल होने का मौका मिलेगा।
समन्वयक प्रो. बीपी सिंह ने बताया कि काउंसलिंग तीन दिन तक दो पालियों में होगी। 14 अक्तूबर को हिंदी और बायोटेक्नोलॉजी (अंतरविषय) की काउंसलिंग सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक होगी। वहीं, भूगोल, विधि, विजुअल आर्ट और कृषि के छह विषयों समेत आठ विषयों की काउंसलिंग दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी।
15 अक्तूबर को सुबह की पाली में वनस्पति विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और जंतु विज्ञान की काउंसलिंग होगी। दोपहर की पाली में राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, समाज कार्य, शस्य विज्ञान और अर्थशास्त्र के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। 16 अक्तूबर को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक शिक्षा शास्त्र, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान, प्रबंधन, समाजशास्त्र और संस्कृत की काउंसलिंग होगी। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक इतिहास, रसायन विज्ञान, वाणिज्य के तीन अंतरविषय, फार्मेसी, सांख्यिकी, संगीत, कंप्यूटर विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, बायोकैमिस्ट्री, फ्रेंच और दर्शनशास्त्र की काउंसलिंग होगी। अभ्यर्थियों को अपने विषय के निर्धारित दिन और समय के अनुसार काउंसलिंग में शामिल होना होगा।