बैंक प्रबंधक सहित मशीनरी सप्लायर को दूसरा नोटिस जारी
- कांग्रेस की महिला नेत्री के साथ 27 लाख की ठगी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कांग्रेस की महिला नेत्री के साथ 27 लाख रुपये की ठगी के मामले में यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक सहित फ्लोर मिल के सामान की सप्लाई करने वाले सप्लायर को दूसरा नोटिस जारी किया गया है। पीड़िता द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में की गई शिकायत पर कार्रवाई हुई है। मामले की सुनवाई के लिए सोमवार को 20 मई की तारीख तय की गई है।
शहर के मोहल्ला भरतवाल निवासी ममता राजपूत महिला कांग्रेस की आगरा जोन की अध्यक्ष हैं। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के तहत फ्लोर मिल लगाने के लिए 31 जुलाई 2023 को आवेदन किया। जांच तथा औपचारिकताएं पूरी हाने के बाद 20 नवंबर 2023 को उनका 40 लाख रुपये का लोन यूनियन बैंक शाखा कचहरी रोड से स्वीकृत हुआ। बैंक द्वारा जय मां दुर्गा इंटर प्राइजेज नगला मकरोल रोहता आगरा के संचालक सुरेंद्र तोमर के खाते में मशीनों की आपूर्ति के लिए 27 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से 20 नवंबर 2023 को भेज दिया।
पीडि़ता ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत में कहा है कि खाते में भुगतान होने के बाद भी संचालक सुरेंद्र तोमर ने मशीनों की आपूर्ति नहीं की है। बैंक द्वारा भेजे गए तीन नोटिस का जवाब भी नहीं दिया है। मशीनें नहीं लग पाने से वह व्यापार शुरू नहीं कर पा रही हैं। काम शुरू नहीं हो पाने के बाद भी बैंक के दबाव के चलते उनको लोन की तीन किस्तें अदा करनी पड़ी हैं। पीडि़ता ने न्याय दिलाने की मांग की है। प्राधिकरण सचिव ने मीडिएटर रीता नैयर को सुनवाई करने की जिम्मेदारी दी हे। यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक सहित फ्लोर मिल के सामान की सप्लाई करने वाले सप्लायर को सोमवार को दूसरा नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 20 मई को होगी।