संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की लें तलाशी
एसपी ने फिरोजाबाद पर बॉर्डर चेकिंग कर जाना सुरक्षा का हाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जनपद की सीमाओं से लगने वाले प्रत्येक चेक पॉइंट पर पुलिसकर्मी सतर्कता बरतें। संदिग्ध वाहन व व्यक्ति की हर हाल में तलाशी लें। बॉर्डर चेकिंग के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंगलवार की रात यह बातें एसपी विनोद कुमार ने जनपद फिरोजाबाद से सटने वाली सीमा पर चेकिंग के दौरान कहीं। घिरोर और दन्नाहार क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने को लेकर जनपद पुलिस किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहती। एसपी की ओर से सभी प्रभारी निरीक्षकों को अपने क्षेत्र में प्रतिदिन गश्त और वाहन चेकिंग किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार की देर रात घिरोर से फिरोजाबाद की सीमा पर बने चेक पोस्ट का एसपी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गैर जनपद से जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों की तलाशी आदि को लेकर अधीनस्थों को निर्देशित किया। कहा कि यदि किसी व्यक्ति या वाहन पर संदेह हो तो हर हाल में तलाशी लें। यदि कुछ भी संदिग्ध मिले तो तत्काल क्षेत्र के उड़नदस्ता प्रभारी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। किसी भी दशा में इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने थाना दन्नाहार पहुंच कर थानाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह के साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया। देर रात मार्ग से गुजरने वाले वाहनों में चेकिंग की गई। संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। एसपी ने बताया कि जनपद के बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। वहां 24 घंटे चेकिंग की जा रही है।