गर्मी में समय परिवर्तन के लिए शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
- कलेक्ट्रेट पहुंच डिप्टी कलेक्टर को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधि मंडल जिला संयोजक अरुण यादव के नेतृत्व में बुधवार को डीएम कार्यालय पहुंचा। यहां बढ़ रही गर्मी के बीच समय परिवर्तन के संबंध में जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर अंजली सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के कई जनपदों में गर्मी को देखते हुए विद्यालयों का समय 7:30 बजे से 12:30 बजे कर दिया गया है। जबकि मैनपुरी में बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में इस समय पठन पाठन का समय सुबह आठ बजे से दो बजे चल रहा है। वर्तमान समय में जिले का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में बच्चे बीमार हो रहे हैं। संगठन की मांग है कि स्कूलों का समय 7:30 से 12:30 बजे तक कर दिया जाए।
ज्ञापन देने वालों जिला संयोजक अरुण यादव के साथ प्रेम प्रकाश शाक्य ब्लॉक अध्यक्ष सुल्तानगंज, सुधीर चौहान ब्लॉक अध्यक्ष मैनपुरी, उम्मेद सिंह उपस्थित रहे।