पटियाली(कासगंज)। कस्बे के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के द्वारा कस्बे की राजस्व भूमि पर कब्जा किए जाने के मामले की शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर पटियाली एसडीएम ने अवैध निर्माण के लिए खोदी गई नींव को समतल करा दिया है। शिकायत पर हुई त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों में खुशी है। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनुराग वाष्र्णेय ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ तीन दिन पूर्व जिलाधिकारी सुधा वर्मा को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की कि राजस्व भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने नगर पंचायत के ईओ सर्वेश कुमार शुक्ला पर यह आरोप लगाया है।
इस शिकायत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि नगर पंचायत के द्वारा बरातघर का निर्माण कराया जा रहा था। इसके लिए नींव खोदवाई गई, लेकिन जमीन को लेकर पंचायत ने कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया। ऐसी स्थिति को देखते हुए एसडीएम कुलदीप सिंह ने खोदी गई नींव को समतल करा दिया और निर्माण की प्रक्रिया को रेाक दिया। जिलाधिकारी ने इस मामले में एडीएम को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि नगरपंचायत के द्वारा बरातघर के निर्माण की जानकारी दी, लेकिन जब उनसे जमीन चिह्नित करने के प्रस्ताव के बारे में पूछा तो वह कुछ रिकॉर्ड नहीं दिखा सके। ऐसी स्थिति में निर्माण रुकवाकर खोदी हुई नींव को समतल करा दिया है।