फोटो 13 पटियाली में आतिशबाजी की दुकान का निरीक्षण करते एसडीएम प्रदीप कुमार विमल, सीओ संदीप वर्म
पटियाली। दिवाली पर्व नजदीक आते ही आतिशबाजी की दुकानें सजने लगीं हैं। देशी आतिशबाजी बनाने वाले कारखानों में भी कारीगर दिन-रात जुटकर बम, फुलझड़ी, अनार आदि तैयार कर रहे हैं। एसडीएम, नायब तहसीलदार और सीओ ने सोमवार को देशी आतिशबाजी तैयार करने वाले कारखानों का निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस की जांच की। तैयार आतिशबाजी और कच्चे माल का रजिस्टर से मिलान किया। सुरक्षा के मौजूद संसाधनों का जायजा लिया।
उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार विमल, पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने सोमवार को नरदोली रोड पर गांव किशोरी नगरा पहुंचकर शाहिद हुसैन उर्फ छोटे के देशी आतिशबाजी बनाने वाले कारखाने का निरीक्षण किया। आतिशबाजी के लाइसेंस की जांच की। तैयार माल और कच्चे माल के स्टॉक का रजिस्टर से मिलान किया। सुरक्षा के लिए मौजूद अग्निशमन यंत्रों को चेक किया। उनमें गैस है या नहीं। सिलेंडर की एक्सपायरी डेट आदि चेक की। एसडीएम ने आतिशबाज को निर्देश दिए कि लाइसेंस के सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। ज्वलनशील बारूद का बहुत ही सावधानी पूर्वक भंडारण करें। बाल्टियों में पानी और बालू को भरकर रखें। सीओ ने कहा कि कोई भी लापरवाही न बरती जाए। मानकों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।