स्कूल में निरीक्षण के दौरान उपस्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोंड।
- फोटो : अमर उजाला
किताबों के नाम पर स्कूलों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को हुई कार्रवाई के बाद भी निजी प्रकाशकों की किताबों में कमीशनखोरी का खेल जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को फिर कार्रवाई करते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने दो स्कूलों को नोटिस जारी किया। जहां स्कूल संचालकों की ओर से स्कूल के बाहर स्टोर बनाकर किताब बेची जा रहीं थीं।
अभिभावकों की लगातार शिकायतों के बीच एनसीईआरटी की निर्धारित पुस्तकों की जगह निजी किताबें खरीदने को मजबूर किए जाने के मामलों पर विभाग सख्ती दिखा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गोंड ने बुधवार को सेंट मार्क्स और बाल विद्यापीठ, बरौली अहीर में औचक निरीक्षण किया।
बीएसए ने बताया कि स्कूल संचालकों ने परिसर के बाहर ही स्टोर बना रखे थे, जहां से निजी प्रकाशकों की किताबें बेची जा रही थीं। जबकि नियमानुसार छात्रों को एनसीईआरटी की पुस्तकें ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए थीं। बीएसए ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए दोनों विद्यालयों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि जवाब न मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।