मैनपुरी में सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के बिछवां में करीमगंज जाने वाले मार्ग पर सोमवार की दोपहर स्कूल से घर लौट रहीं साइकिल सवार छात्राओं को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं, दूसरी घायल छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव धारापुर निवासी 13 वर्षीय शिवानी बहेलिया भक्त वत्सल इंटर कॉलेज में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। वह सोमवार को स्कूल गई थी। वह दोपहर लगभग एक बजे सहेली 13 वर्षीय सपना के साथ साइकिल से घर लौट रही थी।
इसी बीच बिछवां से करीमगंज जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सपना गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
विधवा मां की आखिरी उम्मीद भी खत्म
मृतक 13 वर्षीय शिवानी जब महज पांच वर्ष की थी, तब पिता की कैंसर से मौत हो गई थी। विधवा मां ईश्वरी देवी मेहनत मजदूरी कर शिवानी को पढ़ा लिखाना चाहती थी। सोमवार को हुए हादसे ने ईश्वरी देवी की आखिरी उम्मीद भी तोड़ दी। शिवानी उनकी एकलौती पुत्री थी, जिससे वह बेहद प्यार करतीं थीं। बेटी की असमय मौत ने विधवा मां को तोड़कर रख दिया है।