आगरा हाईवे के आसपास के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने भारी वाहनों के आवागमन से जान का खतरा बताते हुए पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई है। बच्चों का कहना है कि ट्रक और ट्रॉले के बीच से निकलकर स्कूल जाना डरावना है। उन्होंने स्कूल आने-जाने के समय भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कमिश्नर अंकल, हाईवे पर निकलने में डर लगता है। पैदल और साइकिल पर स्कूल जाते और लौटते समय हर पल जान का खतरा रहता है। ट्रक, ट्राॅला और टैंकर न जाने कितने लोगों की जान ले चुके हैं। फिर भी आपकी पुलिस को परवाह क्यों नहीं है? इन भारी वाहनों को आप क्यों नहीं रोकते? उत्तरी बाईपास से क्यों नहीं निकालते। हमें कुछ हो गया तो हमारे माता-पिता का क्या होगा। आखिर हाईवे पर कब तक जान जाएगी।
विज्ञापन
Trending Videos
यह दर्द हाईवे के आसपास के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से अपील करते हुए कहा है कि हाईवे से शहर में होकर निकलने वाले भारी वाहनों से सबसे ज्यादा दिक्कत उनको होती है। हादसों में आए दिन जिंदगी खत्म हो रही है। इसके बावजूद मनमानी नहीं रुक रही है। 400 करोड़ रुपये खर्च कर बना उत्तरी बाईपास खाली पड़ा है। 111 मौतों के बाद भी किसी ने कोई सुधि नहीं ली है। रुनकता से लेकर एत्मादपुर तक 12 से अधिक स्कूल-कॉलेज हैं। 10 लाख की आबादी होने के बावजूद हाईवे पर ट्रक, ट्राॅला और टैंकर दौड़ते हैं। तेज गति से दौड़ते ट्रकों से वाहनों में टक्कर आम बात है।
कक्षा 11वीं के छात्र गर्व ने बताया कि स्कूल से लौटते समय जब कोई तेज रफ्तार ट्रक पीछे से आता है तो मन में डर बैठ जाता है। यही ख्याल आता है कि कहीं ट्रक हमारे ऊपर चढ़ गया तो क्या हम घर पहुंच पाएंगे। माता-पिता का क्या होगा। हाईवे पर आए दिन हादसों की खबरें अखबारों में पढ़ते हैं। कमिश्नर अंकल हम चाहते हैं कि स्कूल की छुट्टी के समय भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया जाए ताकि हम सुरक्षित घर पहुंच सकें।
कक्षा 11वीं के छात्र गर्व अभिराज का कहना है कि जब भी पीछे से कोई बड़ा ट्रक आता है तो हम डर के मारे अपनी स्कूटी सड़क किनारे रोक लेते हैं। जब तक ट्रक निकल नहीं जाता, आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं होती। भारी वाहनों के बीच से निकलना हमारे लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। प्रशासन को स्कूल के समय इन वाहनों पर रोक लगानी चाहिए।
10वीं के छात्र यश्वी ने बताया कि न्यूज में आए दिन हाईवे पर ट्रक की टक्कर से किसी न किसी के घायल होने या हादसे की खबर पढ़ने को मिल जाती है। मन बहुत डर जाता है। दो-तीन दिन तक सड़क पर निकलते समय वही घटनाएं याद आती हैं। हम भी चाहते हैं कि बिना किसी डर के स्कूल जाएं और सुरक्षित अपने घर लौटें।
कक्षा 11वीं की छात्रा प्रिया कुमारी विद्यार्थी ने बताया कि जब हम घर से बाहर निकलते हैं तो माता-पिता हमारा इंतजार कर रहे होते हैं। कई बार सोचते हैं कि अगर कोई ट्रक हमें टक्कर मार दे तो उनका क्या होगा। हर दिन इस डर के साथ स्कूल आना-जाना अच्छा नहीं लगता। कमिश्नर अंकल को स्कूल के समय भारी वाहनों का प्रवेश बंद करना चाहिए।
छात्र निखिल शर्मा ने बताया कि सर्विस रोड पर स्कूल होने के कारण हाईवे से निकलना पड़ता है। कट से जब अपने रास्ते के लिए मुड़ते हैं तो डर लगता है। तेज गति से आते ट्रक और ट्राॅला कब किसकी जिंदगी लील लें, पता नहीं रहता। उत्तरी बाईपास बना है। वाहनों को निकालने की जिम्मेदारी अब अधिकारियों की है। अफसर कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठा रहे हैं।
छात्रा अनविता उपाध्याय ने बताया कि हाईवे पर आए दिन हादसों की खबर मिल जाती है। तेज रफ्तार ट्रक कई वाहनों को चपेट में ले चुके हैं। हादसे लगातार हो रहे हैं। अफसरों की जिम्मेदारी है कि वो जनता की सुरक्षा करें। अगर स्थानीय स्तर पर कोई कुछ नहीं कर रहा है तो बड़े अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए।
छात्र अर्पित वर्मा ने कहा कि खासतौर पर विद्यार्थियों के निकलने के लिए सही इंतजाम होने चाहिए। पुलिस और प्रशासनिक अफसर इतनी जान जाने के बाद भी क्यों कुछ नहीं कर रहे हैं? ट्रकों को नो एंट्री में प्रवेश दिला दिया जाता है। यह सब पुलिस की लापरवाही से होता है। वरिष्ठ अधिकारियों को सख्ती करनी चाहिए। -
छात्रा नमृता पौनिया का कहना है कि पूरे सिस्टम को सुधारने की जरूरत है। बेपरवाह लोगों को सीट पर रहने का भी हक नहीं है। यातायात नियम बने हुए हैं। कमिश्नरेट सिस्टम में पुलिस को अतिरिक्त शक्तियां भी हैं। इसके बावजूद हाईवे पर लोगों की जान जा रही है। यह किसी एक के लिए नहीं है बल्कि सभी को आवाज उठानी होगी।