बरनाहल में साइकिल से स्कूल जा रहे एक छात्र को बचाने के प्रयास में स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वैन सवार शिक्षक सहित चार छात्र घायल हो गए। साइकिल सवार को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र स्थित सैनिक स्कूल बहादुरपुर की वैन शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे शिक्षक व छात्रों को लेकर नगला बरी की ओर जा रही थी। तभी खुशालपुर तिराहा के पास एक साइकिल सवार छात्र आ गया।
साइकिल सवार छात्र को बचाने के प्रयास में वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे में साइकिल सवार छात्र 11 वर्षीय विकास पुत्र सुशील निवासी प्रहलादपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं वैन चालक गीतम सिंह, शिक्षिका सरिता व चार बच्चे भी चोटिल हो गए।