गोवर्धन विद्या पीठ स्कूल की वैन सहार गांव से बच्चों को लेकर गोवर्धन की ओर आ रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर स्कूल वैन पाडल चौराहे पर खाई में जाकर पलट गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
मथुरा में गोवर्धन-छाता मार्ग पर बच्चों को ले जा रही स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। वैन में बैठे छात्र-छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। गनीमत ये रही कि दुर्घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं लगी।
विज्ञापन
सोमवार को गोवर्धन विद्यापीठ की स्कूल वैन सुबह 9 बजे गोवर्धन की ओर से छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही थी। गांव सहार की ओर से आ रही दूसरे स्कूल की बस को बचाने के चक्कर में स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। वैन में 20 छात्र-छात्रा एवं 4 स्कूल के शिक्षक बैठे थे। आसपास से जा रहे राहगीरों ने छात्र-छात्राओं को सकुशल वैन से बाहर निकालकर दूसरी स्कूल की गाड़ी से भेजा।
इस दौरान स्कूल वैन चालक की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। गोवर्धन विद्यापीठ के चेयरमैन राजेश गौतम ने बताया कि वैन बच्चों को लेकर आ रही थी, नगला केहरी के निकट सहार की ओर से आ रही किसी दूसरे स्कूल की वैन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई थी। बच्चे सभी सही हैं।
चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस समय यह हादसा हुआ उस समय स्कूल वैन की स्पीड भी तेज थी। दूसरे स्कूल की बस भी तेजगति में आ रही थी। उससे बचने के चक्कर में स्कूल वैन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। यदि स्पीड कम होती तो यह हादसा नहीं होता। बच्चे सभी सकुशल हैं।