टूंडला(फिरोजाबाद)। तीन माह बाद स्कूल संचालक अभिभावकों पर फीस देने के लिए दबाव बनाने लगे हैं। अभिभावकों से तरह-तरह से फीस मांगी जा रही है। जिससे अभिभावक मानसिक रूप से परेशान हैं। यह बातें सपा की वर्चुअल बैठक में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष चंद्रवीर यादव ने कहीं। उन्होंने कहा कि तीन माह तक सभी प्रकार के काम-धंधे बंद रहने के कारण अभिभावक अभी फीस देने में सक्षम नहीं हैं। जबकि नौकरीपेशा लोग ही फीस जमा कर सकते हैं। इसके स्कूल संचालक सभी अभिभावकों पर दबाव बनाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। नगर के एक स्कूल की प्रधानाचार्या का तो ऑडियो तक वायरल हो रहा है। हालांकि इस वीडियो में दबाव नहीं बनाया जा रहा, अपितु मार्मिक अपील की जा रही है।
सपा नगर अध्यक्ष मोहम्मद फहीम और नगर वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि तीन माह बाद जैसे-तैसे लोगों का काम-धंधा पटरी पर लौटा था, परंतु फिर से लॉकडाउन जैसी स्थिति से वही स्थिति पैदा हो गई है। अभी भी लोग संभल नहीं पाए हैं और स्कूल संचालक दबाव बना रहे हैं। जिसे समाजवादी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस संबंध में जिलाधिकारी से भेंट कर जनहित में फीस माफ कराए जाने की मांग की जाएगी। बैठक में अभिषेक यादव, चांद बाबू, कल्लू खां आदि मौजूद रहे।