मैनपुरी। शहर में संचालित एक निजी स्कूल द्वारा फीस जमा करने के दबाव से परेशान अभिभावकों ने प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। सोमवार को अभिभावकों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। इसमें फीस आधी लेने की मांग की है।
शहर में संचालित सेंट थॉमस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक सोमवार को जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। जिलाधिकारी के कार्यालय में न होने के चलते उन्होंने अपर जिलाधिकारी बी राम से मुलाकात की। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि स्कूल प्रशासन द्वारा लगातार फीस वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
कोरोना काल का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस समय में आय के स्रोत प्रभावित होने के चलते समस्या आ रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि स्कूल प्रशासन द्वारा 50 प्रतिशत फीस माफ कराई जाए। इतना ही नहीं उन्होंने स्कूल खुलने तक फीस जमा करने के लिए कोई दबाव न बनाने की भी मांग की है। मांग करने वालों में मनीष कुमार वर्मा, अवधेश गौतम, सर्वेंद्र सिंह, रीतू यादव, राजीव कुमार, प्रदीप कुमार आदि शामिल हैं।