प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। ठंड के तल्ख तेवर देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर से स्कूलों के अवकाश बढ़ाएं हैं। जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी स्कूलों के लिए 28 दिसंबर का अवकाश घोषित किया है। अब स्कूल सोमवार को खुलेंगे। स्कूल क्रिसमस के बाद खुलने वाले थे लेकिन, बुधवार को प्रशासन ने अवकाश बढ़ा दिए।
अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि नर्सरी से 12वीं तक संचालित सभी परिषदीय, अनुदानित, मान्यता प्राप्त, राजकीय, कान्वेंट, मिशनरीज स्कूल 28 दिसंबर 2019 को बंद रहेंगे।
स्कूलों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन किए जाने का भी निर्देश दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ेगी। पूर्वनुमान है कि सर्द हवाओं के साथ बारिश भी पड़ सकती है। वैसे भी दिसंबर के आखिरी बचे दिनों में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। साथ ही सर्द हवाएं भी परेशान करेंगी।