फतेहाबाद फोटो।निबोहरा क्षेत्र में विद्युत पोल से टकराई स्कूल की खाली बस
फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के रामपुर-डंडनियापुरा मार्ग पर सोमवार को गंगाजल पाइपलाइन की खुदाई के बाद सड़क पर फैली मिट्टी के कारण एक स्कूली की खाली बस फिसलकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे के समय बस में कोई छात्र नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम पुरा हरसुख के आगे चुन्नीलाल के घर के पास गंगाजल परियोजना के तहत खुदाई की गई थी। खुदाई के बाद सड़क पर मिट्टी फैली हुई थी, जो बारिश के कारण फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान रामपुर से बच्चों को छोड़कर लौट रही स्कूल बस का चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। ग्रामीणों के अनुसार, जिस पोल से बस टकराई, उसी पर विद्युत डीपी भी लगी हुई थी। हालांकि बस में बच्चे नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैली मिट्टी हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।