आगरा जिले के बटेश्वर में बुधवार की दोपहर स्कूल बस यमुना नदी में गिरने से बाल-बाल बची। चालक बस को पीछे कर रहा था, तभी यह घटना हुई। उस समय बस में 20 बच्चे बैठे हुए थे। बच्चों में चीख पुकार मच गई। हादसा टलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोपालपुरा स्थित पूजा पब्लिक स्कूल की बस दोपहर बच्चों को लेकर जा रही थी। बस में करीब 20 बच्चे बैठे थे। मोड़ने के लिए चालक बस को जब पीछा कर रहा था, तभी बस का टायर मिट्टी में धंस गया।
कीचड़ में फंसने से टला हादसा
लोगों का कहना है कि चक्का कीचड़ में न फंसता तो बस यमुना में गिर जाती। बच्चों की चीख पुकार पर आसपास के लोग पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बस से उतारा। ग्रामीणों की मदद से फंसी बस को ट्रैक्टर से खींचकर बाहर निकाला गया।
स्थानीय रामगोपाल ने स्कूल बस चालक पर नशे में होने का आरोप लगाया। लोगों का यह भी आरोप है कि बाह क्षेत्र के ज्यादातर स्कूलों की बसें बगैर फिटनेस के दौड़ रही हैं। कबाड़ हो गई बसों और स्कूल वाहनों से बच्चों को स्कूल छोड़ा और ले आया जा रहा है।