आगरा के कागारौल क्षेत्र में निर्माणाधीन मसेल्या-जैंगारा मार्ग पर मंगलवार की सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार 24 बच्चे बाल-बाल बचे। चीख-पुकार पर जुटे गांववालों ने बस का शीशा तोड़कर बच्चों को सुरक्षित निकाला। हादसा निर्माणाधीन रास्ते पर फेंकी गई मिट्टी धंसने से हुआ बताया गया है।
थानाध्यक्ष कागारौल अजय तोमर ने बताया कि श्रीमती श्रीदेवी आवासीय विद्यापीठ स्कूल वमनपुरा, जैंगारा की बस मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बच्चों को स्कूल लेकर जा रही। बस में 24 छात्र-छात्राएं सवार थे। मसेल्या गांव के समीप अचानक बस पलट गई। इससे बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण व राहगीर दौड़े। लोगों ने पलटी बस का शीशा तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला।
एसओ ने बताया कि किसी भी बच्चे को कोई चोट नहीं लगी है। उन्होंने खुद सभी बच्चों से बातचीत की है। स्कूल प्रबंधक ब्रजेश चाहर ने बताया कि निर्माणाधीन रास्ते में मिट्टी डाली गई है। चालक ने पूछताछ में बताया कि बाइक सवार को बचाने के लिए उसने बस को जैसे ही सड़क पर डाली गई मिट्टी पर ले गया। मिट्टी धंसने से बस पलट गई। सभी बच्चे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।