आगरा। सर्वर डाउन होने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थी जनसेवा केंद्र का चक्कर लगाने के लिए विवश हैं। समाज कल्याण विभाग के छात्रवृत्ति पोर्टल पर कई दिनों से तकनीकी समस्या बनी हुई है।
दरअसल, छात्रवृत्ति आवेदन के लिए अंतिम तिथि 30 दिसंबर है। वेबसाइट खुलने में समस्या व फॉर्म भरने के बाद एरर का संदेश लिखा आने से विद्यार्थी परेशान हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी जीआर प्रजापति का कहना है कि सर्वर पर एक साथ अधिक ट्रैफिक आने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। इसे जल्द ठीक करने के लिए संबंधित एजेंसी से कहा गया है।
ये बोल विद्यार्थी
- साइबर कैफे पर बार-बार चक्कर लगाने से समय बर्बाद हो रहा है। सर्वर के कारण हमारी शिक्षा प्रभावित हो रही है। -खुशी सिंह
- कई बार आवेदन करने की कोशिश की है लेकिन सर्वर एरर आ रहा है जिससे अब तक फाॅर्म जमा नहीं हुआ है। - सुशीला
आवेदन के लिए ये हैं पात्र
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर कक्षाओं में पढ़ने वाले सामान्य वर्ग के विद्यार्थी के अभिभावक की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थी के लिए 2 लाख पचास हजार रुपये तक मान्य है। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही अपने शिक्षण संस्थान में दस्तावेजों की हार्डकॉपी जमा करना आवश्यक है।
ये है वेबसाइट
https://scholarship.up.gov.in पर विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं।