भोगांव। मोहल्ला वक्कालान में पूर्व प्रधान के घर जेवर साफ करने के बहाने आए टप्पेबाज लाखों रुपये के जेवर लेकर चले गए। काफी तलाश करने के बाद भी पता नहीं लगा। घटना को लेकर थाने में तहरीर दी गई है।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत छाछा की पूर्व प्रधान ऊषा गुप्ता के घर शुक्रवार की दोपहर दो युवक आए और कहा कि वह लोग सोने और चांदी के जेवर साफ करने का काम करते हैं। उनकी बातों में आकर पूर्व प्रधान ने कानों के कुंडल व हाथ की अंगूठी साफ करने के लिए उनको दे दीं। युवकों ने एक कटोरा में पानी मंगवा कर उसमें लाल रंग का केमिकल डाला और उसी में अंगूठी और कुंडल भी डाल दिए। कुछ देर बाद टप्पेबाजों ने कहा कि कटोरे के पानी को गर्म करके ले आओ। ऊषा देवी पानी गर्म करने के लिए गईं, इस बीच टप्पेबाज वहां से भाग निकले। ऊषा देवी ने जब कटोरे में हाथ डाला तो पाया कि अंगूठी और कुंडल गायब थे। ठगी की जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पांडे ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई की जाएगी।