विकास खंड बेवर की ग्राम पंचायत जासमई में प्रधानमंत्री आवासों में फर्जीवाड़ा किया गया। शिकायत पर जांच कराई गई तो पूरा मामला खुल गया। इसके बाद प्रशासन ने आनन फानन में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ ही आवासों की धनराशि की वसूली करने के आदेश दिए हैं।
डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिव (प्रभारी एडीओ पंचायत)को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले में शिकायत पर खंड विकास अधिकारी बेवर ने जांच की। इस दौरान पता चला कि ग्राम पंचायत में छह लोगों को प्रधानमंत्री आवास की धनराशि अपात्र होने के बाद भी दे दी गई।
खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट पर परियोजना निदेशक ने डीपीआरओ को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने आवासों के फर्जीवाड़े में जिम्मेदारों पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके बाद डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिव अनिल मिश्रा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।