आगरा। मरियम टॉम्ब स्थित डॉ. अजीत सिंह क्रिकेट ग्राउंड पर चल रही टेलेंट लीग में मंगलवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में एसबीएस क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सूरजभान क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही एसबीएस अकादमी की टीम फाइनल में पहुंच गई, जहां बृहस्पतिवार को उसका मुकाबला स्टार नेक्स्ट क्रिकेट अकादमी से होगा।
सूरजभान क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम 30 ओवर के मुकाबले में 24 ओवर में ही 126 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान ओम वर्मा ने 25 रन और आर्यन चाहर ने 54 रनों की अहम पारी खेली। एसबीएस क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में अंश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके, जबकि यश ने दो विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसबीएस क्रिकेट अकादमी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से अंश प्रताप ने शानदार 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि आर्यन ने 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बल्देव भटनागर ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अंश को प्रदान किया। मुकाबले में अंपायर की भूमिका सम्मी अली और विजय बघेल ने निभाई। कमेंट्री देव पांडे ने की, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी लक्की सिंह ने संभाली। इस अवसर पर कोच हरवीर सिंह बंटी, डॉ. अजीत सिंह, नवीन गौतम, जावेद शमीम, हरीश बिष्ट, संजय पुंडीर सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।