गंगाजल के लिए कांवड़ लेकर जाते कांवड़िये
- फोटो : अमर उजाला
भगवान शिव की अराधना का पवित्र माह सावन बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन से ही तीर्थनगरी सोरों भक्ति में डूबने लगी है। कांवड़िये सोरों से साज सज्जा की सामग्री खरीदते हुए लहरा घाट पर जल लेने पहुंच रहे हैं। पूरे महीने सोरों में आस्था का रेला उमड़ेगा। पुलिस प्रशासन ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
भगवान शिव का जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और उन्हें मनवांछित फल की प्राप्ति होती है। ऐसी मान्यता है। इसीके चलते श्रद्धालु श्रावण मास शुरू होते ही आस्था में डूब गए हैं। तीर्थनगरी सोरों में साज सज्जा की दुकानें लगा ली गईं हैं।
पूरी तीर्थनगरी का वातावरण शिवमय दिखाई देने लगा है। कांवड़िये बम बम भोले के जयकारे लगाते हुए सोरों होकर लहरा घाट पहुंच रहे हैं। तीर्थनगरी सोरों में लगीं साज सज्जा की दुकानों से कांवड़ की सज्जा का सामान लेकर लहरा घाट पर कांवड़ को आकर्षक स्वरूप दे रहे हैं।