आगरा मेट्रो रेल का जामा मस्जिद स्टेशन स्टेशन पुराने बिजलीघर में बनेगा। इसके साथ ही यहां मेट्रो कार्यालय और स्टाफ के कर्मचारियों के लिए भवन भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा आगरा किला स्टेशन किले के ठीक सामने और ताजमहल स्टेशन, शाहगंज गार्डन पर बनेगा। इन तीनों स्टेशनों के लिए गुरुवार को जमीन का सर्वे किया गया।
मेट्रो रेल परियोजना के तहत दूसरे दिन लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन (एलएमआरसी) और सदर तहसील की टीम ने जमीन का सर्वे किया। इस दौरान जामा मस्जिद स्टेशन के लिए जब मस्जिद के आसपास जगह देखी गई, लेकिन यहां इतनी जगह उपलब्ध नहीं थी। बाद में टीम पुराना बिजलीघर पहुंची। यहां स्टेशन और कार्यालय के लिए उपयुक्त जगह थी।
लगभग 7 हजार वर्ग मीटर जमीन पर यहां मेट्रो का काम होगा। इसके साथ ही आगरा किले के सामने मंदिर के पास स्टेशन के लिए जगह चिह्नित की गई है। ये दोनों जमीन रक्षा संपदा विभाग की हैं। ताजमहल नाम से बनने वाला मेट्रो स्टेशन, शाहजहां गार्डन पर बनेगा। इसके लिए भी जमीन की नापजोख की गई। मेट्रो रेल के ये तीनों स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे।